कोरोना: स्वर्ण मंदिर के पूर्व हजूरी निर्मल सिंह का निधन


चंडीगढ़। स्वर्ण मंदिर में पूर्व हजूरी रागी ज्ञानी निर्मल सिंह का आज तड़के निधन हो गया। ज्ञानी निर्मल सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। बुधवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से वह वेंटिलेटर पर थे। इसकी जानकारी पंजाब के आपदा प्रबंधन के विशेष मुख्य सचिव केबीएस सिंधु ने दी। पद्मश्री से सम्मानित स्वर्ण मंदिर के पूर्व हजूरी रागी निर्मल सिंह कोरोना वायरस की जद में आ गए थे। सिविल सर्जन प्रभदीप कौर जोहल ने बुधवार को यह जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि 62 वर्षीय गुरबानी वाचक सिंह हाल ही में विदेश से लौटे थे। 30 मार्च को सांस फूलने और चक्कर आने की शिकायत के बाद उन्हें गुरुनानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को आई अंतिम दौर की जांच रिपोर्ट में उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। उधर, पुलिस ने कोरोना वायरस को अन्य लोगों में फैलने से रोकने के लिए सिंह के आवास के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है।